भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ पदक विजेता पैरा शटलरों का भव्य स्वागत


लखनऊ। युुगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में ऐतिहासिक 47 पदक जीतने वाले भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों का लखनऊ आगमन पर चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ भव्य स्वागत हुआ। इन खिलाड़ियों में लखनऊ के अबु हुबैदा व शशांक कुमार भी शामिल थे। 

युगांडा पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 16 स्वर्ण सहित 47 पदक जीतकर रचा इतिहास

भारतीय खिलाड़ियों ने गत 19 से 21 नवंबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में 16 स्वर्ण, 14 रजत और 17 कांस्य सहित 47 पदक जीते थे। भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी लंबे समय से लखनऊ में एक्सीलिया स्कूल स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया बैडमिंटन अकादमी में द्रोणाचार्य अवार्डी कोच गौरव खन्ना की निगरानी में अभ्यास कर रहे है।
लखनऊ पहुंचने वाले इन खिलाड़ियों में अबू हुबैदा (दो स्वर्ण, एक रजत) पलक कोहली (दो स्वर्ण, एक रजत), अम्मू मोहन (दो स्वर्ण, एक रजत), शशांक कुमार ( एक रजत), प्रेम कुमार आले (एक रजत, एक कांस्य), नीलेश गायकवाड़़़ (एक रजत) चिराग बरेठा (एक स्वर्ण, एक रजत) के साथ भारतीय टीम के मुख्य कोच गौरव खन्ना सहित टीम मसाजर राहुल कुमार गुप्ता भी थे।
इस स्वागत से भावविभोर मुख्य कोच गौरव खन्ना ने कहा कि ऐसा प्यार और सम्मान ही वो चीज है जो किसी खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने व पदक जीतने के लिए उत्साहित करता हैं। वहीं पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने इस जीत को देश और अपने माता-पिता को समर्पित कर दिया।

Comments